दुल्हन की जिसने तुड़वाई शादी, उससे ही शादी करना चाहती है दुल्हन, जानें क्या है पूरा मामला

हमीरपुर में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक दुल्हन शादी के लिए लाल जोड़े में सजी बारात का इंतजार कर रही थी। लेकिन उसे पता लगता है कि लड़के वालों ने शादी तोड़ दी है, जिसके बाद वह थाने पहुंची और एक युवक पर शादी तुड़वाने का आरोप लगाया हैं। जिस युवक पर यह आरोप लगाया वह उसका एक्स बॉयफ्रेंड है। युवती ने थाने में गुहार लगाई है कि उसके एक्स बॉयफ्रेंड से अब उसकी शादी कराई जाए।
मामला मौदहा कोतवाली का है। यहां की एक लड़की की शादी हमीरपुर के एक गांव में तय हुई थी। 24 मई को शादी थी। काफी इंतजार के बाद भी बारात नहीं आई, तो लड़की वालों ने दूल्हे के परिजनों को फोन किया। जिस पर उनकी ओर से कहा गया कि लड़के ने शादी से इनकार कर दिया है। यह बात सुनकर लड़की वालों के बीच हड़कंप मच गया। काफी मनाने की कोशिश हुई लेकिन लड़के वाले नहीं माने
एक्स बॉयफ्रेंड ने शादी से किया था मना – इसके बाद दुल्हन सीधे थाने पहुंच गई और पुलिस में एक युवक के खिलाफ शिकायत की। दुल्हन ने बताया कि बांदा में वह अपने परिवार के साथ रहती थी। जहां उसे एक युवक से प्रेम हो गया. इसी दौरान युवक ने उसके कुछ फोटो और वीडियो रख लिए और ब्लैकमेल करने लगा। जब युवती के घर वालों को इस बारे में पता चला तो उन्होंने युवक से कहा कि वह उनकी बेटी से शादी कर ले, लेकिन उसने साफ मना कर दिया। इतना ही नहीं, उसने यह धमकी भी दी कि वह लड़की की शादी कहीं भी नहीं होने देगा।
युवक के डर से दुल्हन के पिता उसे गांव ले आए और यहीं से उसकी शादी करवाना चाहते थे, ताकि कोई गड़बड़ी न हो। लेकिन प्रेमी को शादी की खबर हो गई। बारात निकलने से पहले उसने दूल्हे से युवती के वीडियो और फोटो शेयर कर दिए, जिसके बाद दूल्हे ने शादी से इनकार कर दिया।
एक्स बॉयफ्रेंड से करूंगी शादी – दुल्हन ने कोतवाली पहुंच कर हंगामा किया। उसने कहा कि जिस प्रेमी ने उसकी जिंदगी खराब की है अब वह उसी से शादी करेगी ताकि उसे सबक सिखा सके। उसने कहा है कि उसके एक्स बॉयफ्रेंड से ही उसकी शादी कराई जाए। इस मामले में कोतवाल ताराचंद पटेल ने कहा कि मामले की जांच हो रही है।