उत्तर प्रदेश की लड़की से हरियाणा के स्पा सेंटर में…

1 महीने तक होता रहा दुष्कर्म…

फरीदाबाद, 23 जून। देश की राजधानी दिल्ली से सटे हरिय़ाणा में हैरान करने वाला मामला सामने आया है। फरीदाबाद के एक स्पा सेंटर को लेकर स्थानीय पुलिस ने खुलासा किया है कि यहां पर अनैतिक काम के तहत देह व्यापार का धंधा चलता है। कार्रवाई की कड़ी में चाइल्ड हेल्पलाइन और पुलिस की टीम ने 15 वर्षीय किशोरी को स्पा सेंटर से बरामद किया है। जानकारी लगने पर आसपास के लोग भी हैरान है। उन्हें यकीन नहीं हो रहा है कि यहां पर इस तरह का घिनौना काम भी किया जाता रहा होगा।
वहीं, फरीदाबाद पुलिस के मुताबिक, आरोप है कि स्पा सेंटर की संचालिका ग्राहकों से पैसे लेकर किशोरी का यौन शोषण कराती थी। हैरानी की इस बात की भी है कि एक महिला ही इस पूरे रैकेट को चला रही थी। वहीं, महिला थाना सेंट्रल में इस बाबत मुकदमा तो दर्ज हो गया है, पर किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

मिली जानकारी के मुताबिक, चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम को सूचना मिली कि सेक्टर-19 के एक स्पा सेंटर में किशोरी का यौन शोषण कराया जा रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस को किशोरी ने बताया कि वह इसी साल मार्च में स्वजन को बिना बताए उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से यहां आई थी। काम की तलाश करते-करते उसे संगीता नामक महिला मिली। उसने उसे छोटू नामक युवक से मिलवाया जो किशोरी को एक स्पा सेंटर में ले गया।
बताया गया है कि स्पा सेंटर की संचालिका ने लड़की को बताया कि उसे हर महीने 15 हजार रुपये वेतन दिया जाएगा। कुछ दिन बाद ही लड़की सारी हकीकत पता चल गई। इसके बाद मार्च से अप्रैल तक उसका यौन शोषण किया जाता रहा।

वहीं, पीड़ित लड़की के परिजनों का पता लगाने में भी जुट गई है। हैरानी इस बात की भी है कि एक महीने तक लड़की के साथ हुई दरिंदगी के दौरान लॉकडाउन भी रहा, जिससे यह मामला अब जाकर सामने आया।