शर्मनाक: लकवाग्रस्त महिला से दरिंदगी, पत्नी को बचाने आए दिव्यांग पति के साथ भी मारपीट

मध्य प्रदेश के जबलपुर में महिलाओं के साथ अत्याचार के मामलों में बढ़ोतरी होती जा रही है। जिले से एक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां 10 साल से लकवाग्रस्त महिला से रेप का मामला पुलिस के सामने आया है।

ये केस बरगी का है। इस मामले के खुलने के बाद पुलिस ने मोहल्ले में रहने वाले 45 साल के आरोपी कालीराम बर्मन को गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल 35 साल की पीडि़त महिला लकवाग्रस्त है। इस कारण वो हमेशा बिस्तर पर ही रहती है। स्थिति ये है कि महिला बोल भी नहीं पाती है। उसमें सोचने-समझने की क्षमता तक नहीं बची है। महिला का पति भी एक पैर से दिव्यांग है।

महिला का पति दिव्यांग है, लेकिन वो ही घर का सारा काम करता है। पति मजदूरी करके किसी तरह अपना घर चलाता है। दिव्यांग पति सुबह मजदूरी करने निकल जाता है। शाम को घर लौटता है और फिर खुद ही दोनों के लिए खाना बनाता है। महिला का पति केवल खाना बनाता ही नहीं बल्कि अपनी उसे खुद अपने हाथों से खाना खिलाता भी है।
रविवार को जब पति घर लौटा तो उसने देखा कि मोहल्ले में रहने वाला कालीराम उसकी पत्नी से रेप कर रहा है। जब पति ने आरोपी को रोकने की कोशिश की तो आरोपी ने उसकी बात नहीं सुनी। बल्कि उसे धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया। चूंकि महिला लकवाग्रस्ति है इस कारण वो चीख तक नहीं पाई और बेसुध हो गई। घटना के बाद उसकी आंख से सिर्फ आंसू बह रहे हैं। वारदात के बाद पति ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। जिसके बाद सोमवार शाम पुलिस ने आरोपी कालीराम बर्मन को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पीडि़त परिवार के मोहल्ले के पास ही रहता है।