साली से दुष्कर्म और 11 साल के साले की हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार…

पैरोल पर छूटने के बाद साले की हत्या कर दी थी…

सूरत:- साली से दुष्कर्म के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा आरोपी दो महीने पहले लाजपोर जेल से पैरोल पर छूटने के बाद बदले की भावना से 11 साल के साले की हत्या करके फरार हो गया था। क्राइम ब्रांच की टीम ने आरोपी को बिहार से गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार क्राइम ब्रांच की एक टीम बिहार के बंका जिले में स्थित कठील गांव में छिपे आरोपी डब्लूसिंह उर्फ डब्बूसिंह पुत्र सुरेंद्र राजपूत को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने वर्ष-2008 में खटोदरा में रहने वाली साल से दुष्कर्म किया था। खटोदरा थाने में शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने गिरफ्तार किया था। कोर्ट ने उसे उम्रकैद की सजा सुनाई थी। आरोपी लाजपोर जेल में सजा काट रहा था।

जुलाई-2021 में पैरोल पर जेल से छूटकर बाहर आया था और 22 जुलाई को ससुराल गया था। आरोपी साली पर केस वापस लेने का दबाव डाल रहा था। साली ने पुलिस बुलाने की धमकी देकर उसे अपमानित करके घर से निकाल दिया था। आरोपी गुस्से में घर से निकला तो बाहर 11 साल का साला अंश खेल रहा था। आरोपी उसे डूमस घुमाने के बहाने किराए के एक ऑटो में अपने साथ लेकर गया था।

डूमस के साइलेंट जोन में झाड़ियों की ओर ले जाकर रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या करके फरार हो गया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी सूरत से ट्रक में सवार होकर भागा था। इसके बाद रेलवे स्टेशन और बस अड्‌डे पर मजदूरी कर रहा था। क्राइम ब्रांच की टीम खुफिया जानकारी जुटाने के बाद आरोपी को बिहार से गिरफ्तार सूरत ले आई है।