प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘आज़ादी का अमृत महोत्सव’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया

अहमदाबाद, 12 मार्च 2021, (आरएनआई)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अहमदाबाद पहुंचकर साबरमती आश्रम से ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ लॉन्च किया। पीएम ने यहां जनता को संबोधित भी किया। उन्होंने बताया कि आजादी के 75 वर्ष पूरे होने से 75 हफ्ते पूर्व ही यह महोत्सव आज प्रारंभ हुआ है और 15 अगस्त, 2023 तक चलेगा। पीएम ने दिल्ली की बारिश का जिक्र करते हुए बताया कि अमृत महोत्सव के प्रारंभ होने से पहले आज देश की राजधानी में अमृत वर्षा भी हुई और वरुण देव ने आशीर्वाद भी दिया। अपने संबोधन के बाद पीएम ने आश्रम से नवसारी में दांडी तक जाने वाले 81 पदयात्रियों को झंडी दिखाकर रवाना किया।
पीएम ने अपने संबोधन के दौरान भारत के आगे बढ़ने की प्रेरणा के बारे में बताते हुए कहा, “आइडियाज एट 75, अचीवमेंट्स एट 75, एक्शन एट 75 और रिजॉल्व एट 75। ये पांचों स्तम्भ आजादी की लड़ाई के साथ साथ आजाद भारत के सपनों और कर्तव्यों को देश के सामने रखकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देंगे।”
संबोधन में पीएम ने भारत के लोकतंत्र की मजबूती पर बात करते हुए कहा, “हम भारतीय चाहे देश में रहे हों या विदेश में, हमने अपनी मेहनत से खुद को साबित किया है। हमें हमारे संविधान और लोकतांत्रिक परंपराओं पर गर्व है। लोकतंत्र की जननी भारत आज भी लोकतंत्र को मजबूती देते हुए आगे बढ़ रहा है।