Lucknow: 56 की उम्र में लाजवाब रफ्तार, अब लंदन में जौहर दिखाएंगी 114KM दौड़ का रिकॉर्ड बना चुकी आशा सिंह


रिपोर्ट – अंजलि सिंह राजपूत

लखनऊ. क्या आपने कभी 56 साल की किसी महिला को 5 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ते हुए देखा है? अगर नहीं तो आशा सिंह से आप प्रेरणा ले सकते हैं. आशा सिंह का चयन लंदन में 2 अक्टूबर 2022 को होने वाले ग्लोबल मैराथन एज ग्रुप वर्ल्ड चैंपियनशिप में हुआ है. लंदन में भारत का झंडा गाड़ने के लिए आशा सिंह इन दिनों खूब पसीना बहा रही हैं और रोज सुबह 4:30 बजे से लेकर 7:30 बजे तक दौड़ लगा रही हैं. खास बात यह है कि आशा सिंह के पति बजरंग सिंह ही उनके कोच हैं, जो कि आर्मी से रिटायर हुए हैं. वह आशा सिंह के खाने-पीने से लेकर उनके सोने तक का पूरा ख्याल रखते हैं. आशा सिंह लंदन के लिए 21 सितंबर को रवाना होंगी.

आशा सिंह बताती है कि वह अपने पति के साथ तेलीबाग वृंदावन कॉलोनी की सड़कों पर सुबह के समय दौड़ लगा रही थीं, तभी वहां मौजूद एक शख्स ने उनको सलाह दी कि लखनऊ में होने वाले मैराथन में वह हिस्सा लें. इसके बाद वह और उनके पति उस मैराथन में हिस्सा लेने पहुंचे. पूरी प्रैक्टिस आशा सिंह के पति ने ही कराई. आशा सिंह को इस मैराथन में मेडल मिला. इसके बाद उन्होंने तय किया कि इसी में आगे बढ़ना है. शुरुआत में 10 किलोमीटर की दौड़ लगाती थीं. फिर 42 इसके बाद 100 किलोमीटर की दौड़ लगाना उन्होंने शुरू की. पहले 12 घंटे दौड़ी, फिर 24 घंटे. अब रोजाना सुबह 4:00 बजे से 7:30 बजे तक प्रैक्टिस करती हैं.

आशा सिंह के रिकॉर्ड और उपलब्धियां

– जनवरी 2021 : लखनऊ में हुई सर्किट रन में 12 घंटे में 114 किलोमीटर लगातार दौड़ने का रिकार्ड
– जुलाई 2022 : बेंगलुरू में 24 घंटे में 181 किलोमीटर दौड़ने का रिकार्ड
– इसके अलावा आशा सिंह ने एशियन चैंपियनशिप में भारत को सिल्वर मेडल दिलाया है.
– 200 से ज्यादा मेडल हैं, 300 से ज्यादा अवार्ड – सभी मैराथन में जीते हुए हैं.
– आशा सिंह अल्ट्रा सर्किट रनर हैं.

जीतकर आएंगे

आशा सिंह के पति बजरंग सिंह ने बताया कि लंदन में होने वाली विश्व स्तर की फुल मैराथन है. तैयारी पूरी हो गई है, पूरा यकीन है कि हर हाल में जीतकर आएंगे. उन्होंने बताया कि आशा ने 28 अगस्त को हुए हैदराबाद मैराथन में भी जीत हासिल की थी वो भी फुल मैराथन थी.

Tags: Lucknow news, Marathon



Source link