Kisan Samman Nidhi:मुख्यमंत्री योगी बोले, 10 जून के बाद कोई भी पात्र किसान सम्मान निधि से वंचित नहीं रहेगा – Cm Yogi Adityanath Says Every Eligible Will Get Kisan Samman Nidhi After 10 June.


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।
– फोटो : amar ujala

विस्तार

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत वृहद संतृप्तीकरण अभियान का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह अभियान 10 जून तक चलेगा। इसके बाद कोई किसान यह नहीं कहेगा कि पात्र होने के बाद उसको सम्मान निधि नहीं मिली। तकनीक भ्रष्टाचार पर तो प्रहार करती है साथ ही पात्रों को भी किस तरह लाभ पहुंचाती है यह कार्यक्रम उसका उदाहरण बनेगा। बुधवार को लोकभवन में मुख्यमंत्री ने इस कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि 55000 ग्राम पंचायतों में यह अभियान चलाया जाएगा। प्रत्येक गांव में कृषि विभाग राजस्व बैंक व अन्य सभी संबंधित विभागों की टीम शिविर लगाएगी जिनमें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि में आधार वेरिफिकेशन के साथ-साथ निधि सत्यापन का काम भी होगा।

उन्होंने कहा कि किसान और श्रमिक किसी सरकार के एजेंडे का हिस्सा हो सकते हैं यह वर्ष 2014 के बाद पहली बार लोगों ने देखा। हर व्यक्ति जहां अपने स्वास्थ्य की जांच कराता है वहीं धरती मां के स्वास्थ्य की जांच भी होनी चाहिए यह प्रधानमंत्री मोदी ने बताया और उन्होंने मृदा स्वास्थ्य परीक्षण कार्ड बनाने का अभियान शुरू कराया। इस मौके पर सीएम ने कृषि विभाग के दर्शन पोर्टल का भी शुभारंभ किया।

 

ये भी पढ़ें – रामलला की अचल मूर्ति का निर्माण कार्य शुरू, आचार्यों ने शिलापूजन कर प्रारंभ किया कार्य

ये भी पढ़ें – जेल में बंद महाठग संजय शेरपुरिया: कभी दिल्ली में सजता था दरबार, अब कोई हाल पूछने भी नहीं आता  

आपदा से फसल बर्बाद होने पर पहले किसान बर्बाद हो जाते थे पर अब उनको फसल बीमा योजना का लाभ दिलाया जाता है। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना में 22 लाख हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि की सिंचाई की व्यवस्था दी गई। किसानों की आय दोगुनी करने के अभियान के तहत एमएसपी की घोषणा की गई। जहां धान और गेहूं के साथ दलहन और तिलहन की फसलों का भी एमएसपी दिया गया।

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत 55,800 करोड़ रुपए किसानों को इस निधि के तौर पर दिए गए। उन्होंने कहा कि सभी ग्रामवासियों को उनके स्वामित्व के लिए 56 लाख परिवारों को घरौनी उपलब्ध कराई गई। चाहे बीसी सखी हो चाहे अन्य योजनाएं लोगों को लाभ दिया गया। यह अभियान 10 जून तक चलेगा और सभी संस्थाएं मिलकर काम करेंगी। इसमें रुकी हुई पिछली किश्तें भी प्राप्त होंगी तो आधार सत्यापन के साथ-साथ पात्रों का भी सत्यापन होगा। कोई भी पात्र 10 जून के बाद इसके लाभ से वंचित नहीं रहेगा।

जो पात्र नहीं वह भी स्वयं आगे आएं

मुख्यमंत्री ने आह्वान किया कि जो व्यक्ति पात्र नहीं है वह स्वत: स्फूर्त भाव से यह कहे कि लिपिकीय त्रुटि के कारण उसका नाम इस सूची में आ गया है। उसका नाम सूची से काटा जाए और जो वास्तव में जो पात्र है उसे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिया जाए। कार्यक्रम में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख, कृषि उत्पादन आयुक्त मनोज कुमार सिंह और अपर मुख्य सचिव कृषि डॉ देवेश चतुर्वेदी आदि मौजूद थे।



Source link