सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में एक अनोखी शादी देखने को मिली हैं। सहारनपुर में एक गांव के लोगों ने मिसाल पेश की है। जहां गर्लफ्रेंड से मिलने पहुंचे प्रेमी को पकड़कर गांव के लोगों ने उसकी शादी करा दी। गांव के जिम्मेदार लोगों ने आपस में बैठकर दोनों की शादी कराने का निर्णय लिया। उन्होंने दोनों की शादी कराने के बाद लड़की को लड़के के साथ भेज दिया।
दरअसल, सहारनपुर जनपद के थाना नगर क्षेत्र के गोपालपुरा गांव निवासी सत्यम अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने उसके गांव सुभरी में पहुंचा था। वह अपनी गर्लफ्रेंड का जन्मदिन मनाने के लिए आया था। गांव वालों ने दोनों को खेत से पकड़ लिया और बाहर लेकर आए। दोनो प्रेमी युगल को डांटने फटकार ने की बजाय उनसे बात की। जानकारी होने पर लड़का पक्ष के दर्जनों लोग भी गांव पहुंच गए।
जिसके बाद दोनों पक्षों के लोगों ने बैठक कर शादी कराने का फैसला किया गया। और दोनों के परिजनों की रजामंदी से दोनों की शादी करवा दी गई। ग्रामीणों ने मौके पर ही वरमाला का आयोजन किया। सहारनपुर में हुई ये अनोखी शादी चर्चा का विषय बनी हुई है। साथ ही इसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर सुर्खियों बटोर रहा है। साथ ही ग्रामीणों के द्वारा किये गए फैसले की जमकर तारीफ भी हो रही है।