दुल्हन ने जयमाल के बाद सात फेरों से किया इंकार, बोली- सुंदर नही हैं दूल्हा

कानपुर। थाना क्षेत्र के ग्राम सरपरपुर नगरिया निवासी युवती की बारात मंगलवार शाम जिला कन्नौज थाना गुरसहायगंज के गांव रसूलपुर से आई। बारातियों के स्वागत के बाद चौखट लगा। इसके बाद बारातियों ने खाना खाया। जयमाल समारोह के बाद लड़की घर चली गई। इसके बाद उसने दूल्हा सुंदर नहीं होने की बात कहकर शादी से इंकार कर दिया। इससे बारातियों में बवाल हो गया। जब दूल्हे पक्ष के रिश्तेदारों और अन्य लोगों ने लड़की के पिता से बात की, तो उन्होंने कहा कि दूल्हे पक्ष के लोग बेटी के लिए न तो कपड़े लाए और न ही गहने।
वह इससे शादी नहीं करेंगे। इसके बाद ज्यादातर बाराती रात में ही लौट गए। केवल दूल्हे के परिवार के सदस्य और कुछ रिश्तेदार ही रहे। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। दूल्हे के पिता की सूचना पर बुधवार सुबह पुलिस पहुंची। पुलिस ने समझाने की कोशिश की। बात नहीं बनी तो पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई। युवती पक्ष की महिलाएं भी ट्रैक्टर ट्राली पर सवार होकर थाने पहुंचीं। पुलिस ने महिलाओं को समझा-बुझाकर घर भेज दिया।