बुली बाई ऐप की मास्टरमाइंड निकली महिला

बुली बाई ऐप मामले में मुंबई पुलिस की साइबर सेल ने 21 साल के शख्स को गिरफ्तार किया है, उसकी पहचान विशाल कुमार के रूप में हुई है। मामले में मुख्य आरोपी एक युवती है जिसे उत्तराखंड से हिरासत में लिया गया है। मुंबई पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी एक-दूसरे को जानते हैं।

मुंबई पुलिस के अनुसार, मामले में मुख्य आरोपी महिला बुली बाई ऐप से जुड़े तीन अकाउंट को हैंडल कर रही थी। सह आरोपी विशाल कुमार ने खालसा सुप्रीमेसिस्ट नाम से एक अकाउंट खोला था। 31 दिसंबर को उसने दूसरे अकाउंट्स का भी नाम बदलकर सिख नाम से मिलता-जुलता रख दिया। इसमें फर्जी खालसा अकाउंट होल्डर को दिखाया गया।
गौरतलब है कि बुली बाई ऐप के जरिए मुस्लिम समुदाय की महिलाओं की तस्वीरें लगाकर उनकी कथित तौर पर बोली लगाने का आरोप है। इस मामले में शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी की शिकायत पर पश्चिम प्रादेशिक क्षेत्र साइबर पुलिस ने गिटहब पर होस्ट किए गए ‘बुल्ली बाई’ ऐप डिवेलपर के खिलाफ रविवार को मामला दर्ज किया गया था।
दिल्ली पुलिस ने भी यह मोबाइल ऐप डिवेलप करने वाले की जानकारी मांगी है। साथ ही, ट्विटर को इससे जुड़ा आपत्तिजनक कंटेंट हटाने को कहा है। इससे पहले, दिल्ली महिला आयोग चीफ स्वाति मालीवाल ने डिप्टी पुलिस कमिश्नर, साइबर क्राइम सेल को 6 जनवरी को तलब कर दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। आयोग ने दिल्ली पुलिस से ‘सुल्ली डील’ और ‘बुली बाई’ दोनों मामलों में गिरफ्तार लोगों की लिस्ट और कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी है।