किसानों ने निकाला ट्रैक्टर मार्च
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
अमरोहा में गणतंत्र दिवस के मौके पर भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के पदाधिकारियों ने ट्रैक्टर मार्च निकाली। रैली में करीब डेढ़ सौ ट्रैक्टरों पर सैंकड़ों किसान जुटे। बड़ी तादाद में किसानों को देखकर प्रशासन के होश उड़ गए। करीब तीन घंटे तक सड़क पर किसानों के ट्रैक्टरों का कब्जा रहा।
सुरक्षा के लिहाज से पुलिस फोर्स तैनात रहा। किसानों ने केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। चेतावनी दी कि ये सिर्फ ट्रेलर है यदि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। किसानों ने चार सूत्रीय ज्ञापन डीएम को सौंपकर जल्द निराकरण की मांग की।
बृहस्पतिवार को 26 जनवरी के मौके पर भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी दानवीर सिंह व जिलाध्यक्ष चौधरी रामपाल सिंह के नेतृत्व में तमाम किसान अतरासी स्थित शहीद स्मारक जूनियर हाई स्कूल किसान भवन पर एकत्र हुए। यहां से किसानों ने ट्रैक्टर मार्च निकाला।
रैली अतरासी अमरोहा मार्ग होते हुए एआरटीओ कार्यालय होते हुए शहर में पहुंचा। यहां से अतरासी तिराहा नगर, टीपी नगर चौराहा, जोया रोड स्थित ओवरब्रिज होते हुए करीब सवा तीन बजे कलक्ट्रेट पहुंचा। रैली में करीब डेढ़ सौ ट्रैक्टर शामिल हुए। जिन पर करीब 300 के अधिक किसान थे।